भारत के बारे में जानें
यह पृष्‍ठ अंग्रेजी में (बाहरी वेबसाइट जो एक नई विंडों में खुलती हैं)

दमन और दीव

ब्यौरे विवरण
क्षेत्रफल 112 वर्ग कि.मी.
जनसंख्‍या 158,204
राजधानी दमन
मुख्‍य भाषाएं गुजराती

इतिहास और भूगोल

दमन और दीव तथा गोवा देश की आजादी के बाद भी पुर्तगाल के अधीन रहे। सन 1961 में इन्‍हें भारत का अभिन्‍न हिस्‍सा बना दिया गया। 30 मई, 1987 को गोवा को राज्‍य का दर्जा दिए जाने के बाद दमन और दीव को अलग केंद्रशासित प्रदेश बनाया गया। दमन मुंबई से लगभग 193 किलोमीटर दूर है। यह पूर्व में गुजरात, पश्चिम में अरब सागर उत्तर में कोलक नदी तथा दक्षिण में कलाई नदी से घिरा है। गुजरात का वलसाड, दमन का पडोसी जिला है। दीव दो पुलों से जुडा हुआ द्वीप है। दीव का पडोसी जिला गुजरात का जूनागढ़ है।

कृषि और सिंचाई

2000-01 की कृषि जनगणना के अनुसार दमन और दीव में कुल सिंचित क्षेत्र 393.93 हेक्‍टेयर है, जबकि असिंचित क्षेत्र 3304.73 हेक्‍टेयर है। यहां की महत्‍वपूर्ण फसलें धान, रागी बाजरा, ज्‍वार, मूंगफली दालें, सेम, गेहूं, चीकू, सपोता, आम, केला, नारियल और गन्‍ना हैं। इस क्षेत्र में कोई बड़ा जंगल नहीं है।

उद्योग और बिजली

दमन और दीव में 2930 मंझोले तथा लघु उद्योग इकाइयां हैं। दमन में ओमनीबस औद्योगिक विकास निगम द्वारा दो औद्योगिक क्षेत्रों क विकास किया गया है। दाभेल, भीमपोर, काचीगाम और कदाइयां दूसरे औद्योगिक क्षेत्र है।

सभी गांवों में बिजली पहुंच गई है। दमन और दीव को पश्चिमी क्षेत्र के केंद्रीय बिजलीघरों से पर्याप्‍त बिजली मिल रही है।

परिवहन

सड़कें: दमन और दीव में सड़कों की कुल लंबाई क्रमश: 191 कि.मी. और 78 कि.मी. है।

रेलवे: दमन और दीव रेल मार्ग से नहीं जुडे हैं। दमन का निकटतम रेलवे स्‍टेशन वापी है जो पश्चिम रेलवे के मुंबई- दिल्‍ली मार्ग पर है। दीव का समीपवर्ती रेलवे स्‍टेशन मीटर गेज लाइन पर स्थित दलवाडा है।

उड्डयन: दमन और दीव दोनों में ही हवाई अड्डे हैं। दीव विमान सेवा से जुडा हुआ है तथा मुंबई से दीव तक की नियमित विमान सेवा उपलब्‍ध है।

पर्यटन स्‍थल

दमन के प्रमुख पर्यटन केंद्र हैं: बॉम जीसस चर्च, अवर लेडी ऑफ सी चर्च, अवर लेडी ऑफ रेमेडिओज चर्च, मोती दमन और नानी दमन के किले, जंपौर और देवका बीच, नानी दमन और मोती दमन जेट्टी में सार्वजनिक उद्यान, परगोला गार्डन, मोती दमन, एम्‍यूजमेंट कार्क, देवका, दमनगंगा टूरिस्‍ट कॉम्‍पलेक्‍स, काचिगाम, सत्‍य सागर उद्योन, मिरासोल गार्डन, मिरासोल वाटर पार्क और दीव में सेंट पॉल चर्च, दीव फोर्ट और पानीकोटा फोर्ट, नागोआ और चक्रतीर्थ तथा घोघला और समर हाउस चिल्‍ड्रन पार्क प्रमुख पर्यटन स्‍थल हैं।

स्रोत: भारत २००८ - एक संदर्भ वार्षिक