भारत के बारे में जानें
यह पृष्‍ठ अंग्रेजी में (बाहरी वेबसाइट जो एक नई विंडों में खुलती हैं)

टेलीविजन - दूरदर्शन

सार्वजनिक सेवा प्रसारण दूरदरर्शन विश्‍व के सबसे बड़े टेलीविजन नेटवर्क में से एक है। दूरदर्शन का पहला प्रसारण 15 सितंबर, 1959 को प्रयोगात्‍मक आधार पर आधे घण्‍टे के लिए शैक्षिक और विकास कार्यक्रमों के रूप में शुरू किया गया।

आकाशवाणी के भाग के रूप में टेलीविजन सेवा की नियमित शुरूआत दिल्‍ली (1965); मुम्‍बई (1972); कोलकाता (1975), चेन्‍नई (1975) में हुई। दूरदर्शन की स्‍थापना 15 सितम्‍बर 1976 को हुई। उसके बाद रंगीन प्रसारण की शुरूआत नई दिल्‍ली में 1982 के एशियाई खेलों के दौरान हुई, जिसके साथ देश में प्रसारण क्षेत्र में बड़ी क्रांति आ गई। उसके बाद दूरदर्शन का तेजी से विकास हुआ और 1984 में देश में लगभग हर दिन एक ट्रांसमीटर लगाया गया।

उसके बाद महत्‍वपूर्ण मोड़ इस प्रकार आए:

  • दूसरे चैनल की शुरूआत
  • दिल्‍ली (9 अगस्‍त 1984), मुम्‍बई (1 मई 1985), चेन्‍नई (19 नवम्‍बर 1987), कोलकात्ता (1 जुलाई 1988)
  • मेट्रो चैनल शुरू करने के लिए एक दूसरे चैनल की नेटवर्किंग (26 जनवरी 1993)
  • अंतरराष्‍ट्रीय चैनल डीडी इंडिया की शुरूआत (14 मार्च 1995)
  • प्रसार भारती का गठन (भारतीय प्रसारण निगम) (23 नवम्‍बर 1997)
  • खेल चैनल डीडी स्‍पोर्ट्स की शुरूआत (18 मार्च 1999)
  • संवर्धन/सांस्‍कृतिक चैनल की शुरूआत (26 जनवरी 2002)
  • 24 घण्‍टे के समाचार चैनल डीडी न्‍यूज की शुरूआत (3 नवम्‍बर 2002)
  • निशुल्‍क डीटीएच सेवा डीडी डाइरेक्‍ट + की शुरूआत (16 दिसम्‍बर 2004

दूरदर्शन ने देश में सामाजिक आर्थिक परिवर्तन, राष्‍ट्रीय एकता को बढ़ाने और वैज्ञानिक सोच को गति प्रदान करने में महत्‍वपूर्ण योगदान दिया है। सार्वजनिक सेवा प्रसारक होने के नाते इसका उद्देश्‍य अपने कार्यक्रमों के माध्‍यम से जनसंख्‍या नियंत्रण और परिवार कल्‍याण, पर्यावरण की सुरक्षा और पारिस्थितिकी संतुलन, महिलाओं, बच्‍चों और विशेषाधिकार रहित वर्ग के समाज कल्‍याण उपायों को रेखांकित करना है। इसका उद्देश्‍य क्रीड़ा और खेलों तथा देश की कलात्‍मक और सांस्‍कृतिक विरासत को बढ़ावा देना भी है।

दूरदर्शन आज

दूरदर्शन के राष्‍ट्रीय नेटवर्क में 64 दूरदर्शन केन्‍द्र / निर्माण केन्‍द्र, 24 क्षेत्रीय समाचार एकक, 126 दूरदर्शन रखरखाव केन्द्र, 202 उच्‍च शक्ति ट्रांसमीटर, 828 लो पावर ट्रांसमीटर, 351 अल्‍पशक्ति ट्रांसमीटर, 18 ट्रांसपोंडर, 30 चैनल तथा डीटीएच सेवा आती है। विभिन्‍न सवर्गों में 21708 अधिकारियों तथा कर्मचारियों के पद स्‍वीकृत हैं।

दूरदर्शन ट्रांसमीटर

चैनल एचपीटी एलपीटी वीएलपीटी ट्रांसपोजर योग
नेशनल (डीडी1) 128 747 346 18 1239
डीडी न्‍यूज 70 81 5 - 156
अन्‍य 4 - - - 4
योग 202 828 351 18 1399

दूरदर्शन चैनल

  • राष्‍ट्रीय चैनल (5): डीडी 1, डीडी न्‍यूज़, डीडी भारती, डीडी स्‍पोर्ट्स और डीडी उर्दू
  • क्षेत्रीय भाषाओं के उपग्रह चैनल (11): डीडी उत्तर पूर्व, डीडी बंगाली, डीडी गुजराती, डीडी कन्‍नड़, डीडी कश्‍मीर, डीडी मलयालम, डीडी सहयाद्रि, डीडी उडिया, डीडी पंजाबी, डीडी पोधीगई और डीडी सप्‍‍तगिरी
  • क्षेत्रीय राज्‍य नेटवर्क (11): बिहार, झारखण्‍ड, छत्तीसगढ़, मध्‍य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखण्‍ड, हिमाचल प्रदेश, राजस्‍थान, मिजोरम और त्रिपुरा
  • अंतरराष्‍ट्रीय चैनल (1): डीडी इंडिया

दूरदर्शन का त्रिस्‍तरीय कार्यक्रम सेवा - राष्‍ट्रीय, क्षेत्रीय और स्‍थानीय है।

  • राष्‍ट्रीय सेवा में कार्यक्रम पूरे देश की रुचि के मुद्दों और घटनाओं पर केंद्रित होते हैं।
  • क्षेत्रीय सेवा में कार्यक्रम उस राज्‍य के लोगों के हित की घटनाओं और मुद्दों पर केंद्रित होते हैं।
  • स्‍थानीय सेवा में उस विशेष ट्रांसमीटर की पहुंच में आने वाले लोगों की आवश्‍यकताएं स्‍थानीय भाषाओं और बोलियों में विशेष कार्यक्रम से पूरी की जाती हैं।

इसके अतिरिक्‍त राष्‍ट्रीय और क्षेत्रीय सेवाओं के कार्यक्रम पूरे देश में दर्शकों के लिए उपग्रह पद्धति से उपलब्‍ध हैं।

कार्यक्रम के स्रोत: दूरदर्शन के विभिन्‍न चैनलों के लिए कार्यक्रम इस प्रकार उपलब्‍ध हैं:

  • आंतरिक निर्माण: दूरदर्शन के कर्मचारियों द्वारा दूरदर्शन के साधनों से तैयार कार्यक्रम, जिसमें दूरदर्शन द्वारा घटनाओं का सीधा प्रसारण होता है।
  • तैयार कराए गए कार्यक्रम: योग्‍य लोगों द्वारा दूरदर्शन के कोष से तैयार कार्यक्रम
  • प्रायोजित कार्यक्रमनिजी रूप से तैयार कार्यक्रम का दूरदर्शन द्वारा निशुल्‍क वाणिज्यिक समय के बदले शुल्‍क भुगतान पर प्रसारण।
  • रॉयल्‍टी कार्यक्रम: दूरदर्शन द्वारा बाहरी निर्माताओं से कार्यक्रम रॉयल्‍टी देकर एक या अनेक बार प्रसारित करना
  • अधिग्रहीत कार्यक्रम: अधिकार शुल्‍क देकर विदेशी कंपनियों से कार्यक्रम/घटना अधिग्रहीत करना
  • शैक्षिक/विकास कार्यक्रम: सरकार की विभिन्‍न एजेंसियों द्वारा निर्मित शैक्षिक/विकास कार्यक्रम
  • स्‍ववित्त कार्यक्रमइन कार्यक्रमों की शुरूआती निर्माण लागत निजी निर्माता का होता है। प्रसारण के बाद दूरदर्शन उत्‍पादन लागत का भुगतान करता है। कार्यक्रम दूरदर्शन द्वारा बेचा जाता है। इस योजना में प्रावधान है कि उच्‍च टीआरपी मिलने पर स्‍वीकृ‍त उत्‍पादन लागत पर बोनस दिया जाए और कार्यक्रम के खराब प्रदर्शन पर उत्‍पादन लागत में कटौती।

दूरदर्शन का क्षेत्रीय कवरेज: दूरदर्शन के दो क्षेत्रीय चैनलों का कवरेज इस प्रकार है:

दूरदर्शन का क्षेत्रीय कवरेज
चैनल क्षेत्र जनसंख्‍या
डीडी1 79.4 9.4
डीडी न्‍यूज 24.4 48.5

डीडी डायरेक्‍ट + : दूरदर्शन की फ्री टु एयर डीटीएच सेवा डीडी डायरेक्‍ट + का शुभारंभ प्रधानमंत्री द्वारा 16 दिसंबर, 2004 को किया गया। 33 टीवी चैनलों (दूरदर्शन / निजी) और 12 रेडियो (आकाशवाणी) चैनलों से शुरूआत हुई, इसकी सेवा क्षमता बढ़कर 36 टीवी चैनल और 20 रेडियो चैनल हो गई। अंडमान और निकोबार को छोड़कर इसके सिगनल पूरे भारत में एक रिसीवर प्रणाली से मिलते हैं। इस सेवा के ग्राहकों की संख्‍या 50 लाख से अधिक है।

डीडी- राष्‍ट्रीय चैनल

डीडी-I चैनल (राष्‍ट्रीय)

दूरदर्शन का डीडी-1 चैनल सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन, राष्‍ट्रीय, एकता, वैज्ञानिक रुचि, ज्ञान का प्रसारण, शैक्षिक कार्यक्रम, सार्वजनिक जागरूकता, जनसंख्‍या नियंत्रण के उपाय, परिवार कल्‍याण संदेश, पर्यावरण सुरक्षा और पारिस्थितिकी संतुलन, महिला कल्‍याण उपाय, बच्‍चे और कमजोर लोगों आदि के बारे में अपने कार्यक्रमों से महत्‍वपूर्ण योगदान दे रहा है। यह खेल और देश की कला और सांस्‍कृतिक विरासत को भी बढ़ावा देता है।

सार्वजनिक सेवा प्रसार के अलावा मनोरंजन कार्यक्रमों, सामाजिक रूप से प्रासंगिक विभिन्‍न विषयों पर धारावाहिकों का प्रसारण करता है। ये प्रायोजित/कमीशंड/स्‍ववित्त कमीशंड कार्यक्रम, फिल्‍म आदि के रूप में होते हैं।

राष्‍ट्रीय चैनल की सेवा स्‍थलीय माध्‍यम के अलावा सेटेलाइट में सुबह 5.30 बजे 00.00 (आधी रात) और सेटेलाइट मोड में अगली सुबह 5.30 बजे से तक उपलब्‍ध है।

क्षेत्रीय भाषा उपग्रह सेवा: ग्‍यारह क्षेत्रीय भाषा उपग्रह सेवाएं इस प्रकार हैं:

  • डीडी मलयालम
  • डीडी सप्‍‍तगिरी (तेलुगु)
  • डीडी बंगाली
  • डीडी चंदन (कन्‍नड़)
  • डीडी उडिया
  • डीडी सहयाद्रि (मराठी)
  • डीडी गुजराती
  • डीडी कश्‍मीर (कश्‍मीरी)
  • डीडी पंजाबी,
  • डीडी उत्तर पूर्व
  • डीडी पोधीगई (तमिल

क्षेत्रीय भाषा उपग्रह सेवाएं और क्षेत्रीय राज्‍य नेटवर्क विकासात्‍मक समाचार, धारावाहिक, वृत्त चित्र, समाचार और ताजा मामलों के कार्यक्रमों का प्रसारण लोगों की भाषा में संसूचित करने के लिए करते हैं। सामान्‍य सूचना, सामाजिक और फिल्‍म कार्यक्रम और अन्‍य बड़ी विधाओं के कार्यक्रम भी प्रसारित किए जाते हैं।

  • क्षेत्रीय राज्‍य नेटवर्क: क्षेत्रीय राज्‍य नेटवर्क हिंदी क्षेत्र उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखण्‍ड, छत्तीसगढ़, मध्‍य प्रदेश, राजस्‍थान, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के लोगों की जरूरतें पूरी करता है। इस सेवा के कार्यक्रम विभिन्‍न राज्‍यों के राजधानी केंद्रों से तैयार और 3.00 और 8.00 बजे के बीच प्रसारित किए जाते हैं। इनका राज्‍य के किसी भू ट्रांसमीटर रिले करते हैं।
  • डीडी न्‍यूज: डीडी न्‍यूज चैनल देश का एकमात्र 24 घंटे का स्‍थलीय समाचार चैनल है, जिससे रोजाना हिंदी और अंग्रेजी में 16 घण्‍टे से अधिक के समाचार बुलेटिनों का सीधा प्रसारण किया जाता है। हेडलाइंस, न्‍यूज अपडेट, स्‍क्रोलर पर ब्रेकिंग न्‍यूज इस चैनल की विशेषताएं हैं। रोजाना संस्‍कृत और उर्दू में समाचार बु‍लेटिन भी प्रसारित किए जाते हैं। इसके अलावा विभिन्‍न दूरदर्शन केंद्रों से जुड़ी क्षेत्रीय समाचार यूनिटें रोजाना क्षेत्रीय भाषाओं में विभिन्‍न अवधि के समाचार बुलेटिन प्रसारित करती हैं। डीडी न्‍यूज हेडलाइंस अब एसएमएस से हासिल किए जा सकते हैं।

    डीडी न्‍यूज पूरे दिन स्‍टाक और वस्‍तुओं के सूचकांक ऑटोमैटेड मोड से प्रसारित करता है जिसमें, एनएसई और बीएसई और एनसीडीईएक्‍स, एमसीएक्‍स आदि अग्रणी वस्‍तु बाजार की सूचनाएं होती हैं।

  • डीडी स्‍पोर्ट्स: यह देश का एकमात्र फ्री टु एयर स्‍पोर्ट्स चैनल है। यह क्रिकेट, फुटबाल, हॉकी, टेनिस, कबड्डी, तीरंदाजी, एथलेटिक्‍स और अन्‍य देशी खेलों आदि का कवरेज करता है।

    डीडी स्‍पोर्ट्स पर गैर ओलंपिक और परंपरागत खेलों के कवरेज के लिए एक नकद बाह्य प्रवाह प्रणाली की व्‍यवस्‍था भी की गई है। यह चैनल विभिन्‍न खेल फेडरेशनों और एसोसिएशनों द्वारा आयोजित खेल कार्यक्रमों को कवर करता है।

  • डीडी भारती: यह चैनल 26 जनवरी, 2002 को शुरू किया गया था। जोखिम, क्विज कांटेस्‍ट, ललित कला/पेंटिंग्‍स, शिल्‍प और डिजाइन, कार्टून, प्रतिभा खोज आदि के अलावा यह युवा लोगों के साथ एक घंटे के कार्यक्रम 'मेरी बात' का सीधा प्रसारण करता है।

    स्‍वस्‍थ जीवन शैली पर जोर देने वाले, इलाज की बजाय निवारण पर केंद्रित चिकित्‍सा के आधुनिक और परंपरागत रूपों पर कार्यक्रमों का भी प्रसारण होता है। राष्‍ट्रीय और अंतरराष्‍ट्रीय ख्‍याति के शीर्ष कलाकारों के शास्‍त्रीय ऩृत्‍य/संगीत कार्यक्रम इस चैनल पर दिखाए जाते हैं। इसके अलावा थिएटर, साहित्‍य, संगीत, पेंटिंग्‍स, मूर्तिकला और वास्‍तु शिल्‍प पर कार्यक्रम भी दिखाए जाते हैं।

    चैनल आईजीएनसीए, सीईसी, इग्‍नू, पीएसबीटी, एनसीईआरटी और साहित्‍य अकादमी जैसे संगठनों के सहयोग से भी कार्यक्रमों का प्रसारण करता है। चैनल आकाशवाणी संगीत सम्‍मेलनों का व्‍यापक कवरेज करता है। क्षेत्रीय दूरदर्शन केंद्रों के कार्यक्रमों का सीधा रिकार्डेड प्रसारण होता है।

  • डीडी इंडिया: इस चैनल पर कार्यक्रम इस तरह किए जाते हैं कि विश्‍व खासकर भारतीय लोगों को भारतीय सामाजिक, सांस्‍कृतिक, राजनीतिक और आर्थिक परिदृश्‍य देखने का प्राथमिक उद्देश्‍य पूरा हो सके। चैनल हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, संस्‍कृत, गुजराती, मलयालम और तेलुगु में समाचार, सामयिक विषयों पर फीचर, अंतरराष्‍ट्रीय महत्‍व के मुद्दों पर चर्चाएं प्रसारित करता है। यह मनोरंजक कार्यक्रम, धारावाहिक, थिएटर, संगीत और नृत्‍य के अलावा फिल्‍मों का प्रसारण भी करता है।

    पंजाबी, उर्दू, तेलुगु, बंगाली, मराठी, कन्‍नड़, मलयालम और गुजराती जैसी क्षेत्रीय भाषाओं के कार्यक्रम इस चैनल के आवश्‍यक संघटक हैं। स्‍वाधीनता दिवस, गणतंत्र दिवस समारोह, बजट प्रस्‍तुतीकरण और राष्‍ट्रीय अंतरराष्‍ट्रीय महत्‍व की अन्‍य घटनाओं का इस चैनल पर सीधा प्रसारण किया जाता है।

पृष्ठ: १ | | अगला

स्रोत: राष्‍ट्रीय पोर्टल विषयवस्‍तु प्रबंधन दल

टिप्‍पणी: इस अनुभाग में प्रस्‍तुत जानकारी केवल इतनी नहीं है। हम इस अनुभाग में और भी अधिक जानकारी लाने की प्रक्रिया में हैं। आप इसे और भी बेहतर बनाने के लिए सुझाव देने में 'फीडबैक' विकल्‍प का उपयोग कर सकते हैं।