भारत के बारे में जानें
यह पृष्‍ठ अंग्रेजी में (बाहरी वेबसाइट जो एक नई विंडों में खुलती हैं)

असम

ब्यौरे विवरण
क्षेत्रफल 78,438 वर्ग कि.
जनसंख्‍या 26,638,407
राजधानी दिसपुर
मुख्‍य भाषाएं असमिया

इतिहास और भूगोल

कुछ विद्वानों का मानना है कि 'असम' शब्‍द संस्‍कृत के 'असोमा' शब्‍द से बना है, जिसका अर्थ है अनुपम अथवा अद्वितीय। लेकिन आज ज्‍यादातर विद्वानों का मानना है कि यह शब्‍द मूल रूप से 'अहोम' से बना है। ब्रिटिश शासन में इसके विलय से पूर्व लगभग छह सौ वर्षो तक इस भूमि पर अहाम राजाओं ने शासन किया। आस्ट्रिक, मंगोलियन, द्रविड़ और आर्य जैसी विभिन्‍न जातियां प्राचलन काल से इस प्रदेश की पहाडियों और घाटियों में समय-समय पर आकर बसीं और यहां की मिश्रित संस्‍कृति में अपना योगदान दिया। इस तरह असम में संस्‍कृति और सभ्‍यता की समृ‍द्ध परंपरा रही है।


काजीरंगा राष्‍ट्रीय उद्यान

प्राचीनकाल में असम को 'प्राग्‍ज्‍योतिष' अर्थात् 'पूर्वी ज्‍योतिष का स्‍थान' कहा जाता था। बाद में इसका नाम 'कामरूप' पड़ गया। कामरूप राज्‍य का सबसे प्राचीन उल्‍लेख इलाहाबाद में समुद्रगुप्‍त के शिलालेख में मिलता है। इसमें कामरूप का उल्‍लेख प्रत्‍यंत यानी ऐसे सीमावर्ती देश के रूप में मिलता है, जो गुप्‍त साम्राज्‍य की अधीनता स्‍वीकार करता था और जिसके साथ उसके संबंध मैत्रीपूर्ण थे। चीन का विद्वान यात्री ह्ववेनसांग लगभग 743 ईसवी में राजा कुमार भास्‍कर वर्मन के निमंत्रण पर कामरूप में आया। उसने कामरूप का उल्‍लेख 'कामोलुपा' के रूप में किया। 11वीं शताब्‍दी के अरब इतिहासकार अल बरूनी की पुस्‍तक में भी कामरूप का उल्‍लेख मिलता है। इस प्रकार महाकाव्‍यकाल से लेकर 12वीं शताब्‍दी ईसवी तक समूचे आर्यावर्त में पूर्वी सीमांत देश को प्राग्‍ज्‍योतिष और कामरूप के नाम से जाना जाता था यहां के राजा अपने आन को 'प्राग्‍ज्‍योतिष नरेश' कहा करते थे।

सन 1228 में पूर्वी पहाडियों पर अहोम लोगों के पहुंचने से इतिहास में नया मोड़ आया उन्‍होंने लगभग छह सौ वर्षे तक असम पर शासन किया। जब राजदरबार में व्‍याप्‍त असंतोष और इस प्रदेश में प्रवेश किया। सन 1826 में यह क्षेत्र ब्रिटिश सरकार के क्षेत्राधिकार में आ गया जब बर्मी लोगों ने यंडाबू संधि के अनुसार असम को ब्रिटिश सरकार को सौंप दिया।

असम पूर्वोत्तर भारत का प्रहरी और पूर्वोत्तर राज्‍यों का प्रवेशद्वार है। यह भूटान और बंगलादेश से लगी भारत की अंतरराष्‍ट्रीय सीमाओं के समीप है। असम के उत्तर में भूटान और अरुणाचल प्रदेश, पूर्व में मणिपुर, नगालैंड और अरुणाचल प्रदेश और दक्षिण में मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा हैं।

कृषि

असम कृषि प्रधन राज्‍य है। खेती यहां की अर्थव्‍यवस्‍था का मुख्‍य आधार है। चावल यहां की मुख्‍य खाद्य फसल है। जूट, चाय कपास, तिलहन, गन्‍ना, आलू आदि नकदी फसलें हैं। राज्‍य की मुख्‍य बागवानी फसलें हैं: संतरा, केला, अनन्‍नास, सुपारी, नारियल, अमरूद, आम, कटहल और नीबू, जाति के फल। इनकी खेती छोटे पैमाने पर की जाती है। राज्‍य में लगभग 39.44 लाख हेक्‍टयर कुल खेती योग्‍य भूमि है। इसमें से करीब 27.01 लाख हेक्‍टेयर क्षेत्र में फसलें उगाई जाती हैं।

वन

असम अपनी वन संपदा तथा जीव-जंतुओं और वनस्‍पतियों के लिए प्रसिद्ध है, जोकि कुल वन क्षेत्र के 22.21 प्रतिशत हैं।

वन्‍यजीव

राज्‍य में पांच राष्‍ट्रीय पार्क और 11 वन्‍यजीव अभयारण्‍य और पक्षी विहार हैं। काजीरंगा राष्‍ट्रीय उद्यान और मानस बाघ परियोजना (राष्‍ट्रीय उद्यान) क्रमश: एक सींग वाले गैंडों और रॉयल बंगाल टाइगर के लिए विश्‍व भर में प्रसिद्ध हैं।

उद्योग

असम में कृषि पर आधारित उद्योगों में चाय का प्रमुख स्‍थान है। राज्‍य में छह औद्योगिक विकास केंद्र हैं। इसके अलावा बालीपाड़ा और माटिया में दो औद्योगिक विकास केंद्र और खोले जा रहे हैं। इस समय राज्‍य में चार तेलशोधक कारखाने काम कर रहे हैं, जिनमें से एक डिगबोई में है। गुवाहाटी के पास अमीनगांव में निर्यात संवर्धन औद्योगिक पार्क का निर्माण पूरा होने वाला है। गुवाहाटी के पास बोरझार में एक सॉफ्टवेयर टेक्‍नोलॉजी की स्‍थपना की गई है। अपनी कला और हस्‍तशिल्‍प से जड़े कुटीर उद्योग के लिए असम हमेशा से विख्‍यात रहा है। हथकरघा, रेशम, बेंत और बांस की वस्‍तुएं, गलीचों की बुनाई, काष्‍ठ शिल्‍प, पीतल तथा अन्‍य धातुओं के शिल्‍प आदि यहां के प्रमुख कुटीर उद्योगों में शामिल हैं। असम में कई किस्‍म का रेशम, जैसे-एंडी, मूगा, टसर आदि का उत्‍पादन होता है। मूगा रेशम की एक ऐसी किस्‍म है जिसका उत्‍पादन विश्‍व में सिर्फ असम में होता है।

सिंचाई और बिजली

राज्‍य के प्रमुख बिजलीघरों में चंद्रपुर तापबिजली परियोजना और नामरूप तापबिजली परियोजना के अलावा एक लघु पनबिजली परियोजना तथा कुछ मोबाइल गैस टरबाइन इकाइयां शामिल हैं। बोंगईगांव के ताप बिजलीघर को पुन: चालू करने और इस समय चल रही कारबी-लंगपी परियोजना से राज्‍य में बिजली की सप्‍लाई बढ़ जाएगी। तिपाईमुख बांध परियोजना के लिए स्‍वीकृति मिल गई हैं।

परिवहन

सडकें: असम में सड़कों की कुल लंबाई 37,515 किलोमीटर थी जिसमें राष्‍ट्रीय राजमार्ग की लंबाई 2,754 कि.मी. शामिल है। भारत-बंगलादेश सीमा पर 27 किलोमीटर लंबी सड़क बनाने एवं 160 किलोमीटर सीमा पर कांटेदार तार-बाड़ लगाने का कार्य पूरा किय जा चुका हैं।

रेलवे: इस समय असम में रेलमार्गो की लंबाई 2,284.28 किलोमीटर है जिसमें छोटी रेल लाइन 1,227.16 कि.मी. और बड़ी लाइन 1,057.12 कि.मी. शामिल हैं।

विमान सेवा: नागारिक विमानों की नियमित उड़ानें लोकप्रिय गोपीनाथ बाड़दोलाई हवाई अड्डा (गुवाहाटी), सलोनीबाड़ी (तेजपुर), मोहनबाड़ी (उत्तरी लखीमपुर), कुंभीरग्राम (सिलचर), और रोवरियाह (जोरहाट) से होती हैं।

त्‍योहार

असम में अनेक रंगारंग त्‍यौहार मनाए जाते हैं। 'बिहू' असम का मुख्‍य पर्व है। यह साल में तीन बार मनाया जाता है- रंगाली बिहू या बोहाग बिहू फसल बुबाई की शुरूआत का प्रतीक है और इससे नए वर्ष का भी शुभारंभ होता है। भोगली बिहू या माघ बिहू फसल कटाई का त्‍योहार है और काती बिहू या कांगली बिहू शरद ऋतु का एक मेला है।

ज्‍यादातर त्‍योहार धार्मिक कारणों से मनाए जाते हैं। राज्‍य में रहने वाले वैष्‍णव लोग प्रमुख वैष्‍णव संतों की जयंती तथा पुण्‍सयतिथि पर दिन भर भजन गाते हैं तथा परंपरागत नाट्यशैली में 'भावना' का मंचन करते हैं। कामाख्‍या मंदि में अंबुबाशी और उमानंदा तथा शिव मंदिरों के निकट स्थित अन्‍य स्‍थानों पर शिवरात्रि मेला, दिवाली, अशोक अष्‍टमी मेला, पौष मेला, परशुराम मेला, अंबुकाशी मेला, दोल-जात्रा, ईद, क्रिसमस और दुर्गा पूजा, आदि अन्‍य धार्मिक त्‍योहार भी राज्‍य में श्रद्धा के साथ मनाए जाते हैं।

पर्यटन स्‍थल

गुवाहाटी में तथा उसके आसपास प्रमुख पर्यटन स्‍थलों में कामाख्‍या मंदि, उमानंदा (मयूरद्वीप), नवग्रह मंदिर वशिष्‍ठ आश्रम, डोलगोबिंद, गांधी मंडप, राज्‍य का चिडियाघर, राज्‍य संग्रहालय, शुक्रेश्‍वर मंदिर, गीता मंदिर, पुरातत्‍व की दृष्टि से महत्‍वपूर्ण मदन कामदेव मंदिर और सरायघट पुल शामिल हैं।

अन्‍य दर्शनीय स्‍थल हैं-काजीरंगा राट्रीय पार्क (एक सींग वाले गैंडों के लिए प्रसिद्ध) मानस बाघ परियोजना, पोबीतोरा और ओरंग (वन्‍यजीव उद्यान), शिवसागर (शिव मंदि, रंगघर,कारेंगघर), तेजपुर (भैरवी मंदिर और रमणीक सथान), भलुकपुंग (अंगलिंग), हॉफलांग (स्‍वास्‍थ्‍यप्रद स्‍थन और जतिंगा पहाडियां), माजुली (विश्‍व का सबसे बड़ा नदी द्वीप), चंदुबी झील (पिकनिक स्‍थल), हाजो (बौद्ध, हिंदू और इस्‍लाम की मिलनस्‍थली), बताद्रव (महान वैष्‍णव संत शंकरदेव की जन्‍मभूमि) आर सुआलकूची (रेशम उद्योग के लिए प्रसिद्ध)।

स्रोत: भारत २००८ – एक संदर्भ वार्षिक